सीएचसी में मरीजों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
नरैनी। भीषण गर्मी और मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। उमस भरी गर्मी और तेज धूप से वायरल संक्रमण व मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में करीब 450 मरीज उपचार के लिए पहुंचे।अस्पताल पहुंचे अधिकांश मरीज बुखार, उल्टी-दस्त, वायरल संक्रमण, गले में खराश, शरीर दर्द, चक्कर आना और कमजोरी जैसी समस्याओं से पीड़ित थे।
ओपीडी में तैनात चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास यादव ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, बीच-बीच में हो रही बारिश तथा मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के कारण वायरल संक्रमण से प्रभावित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलने से बचने तथा स्वच्छ भोजन और पेयजल का उपयोग करने की अपील की।