फिल्म निर्माता इरशाद खां के साथ गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल।
- फोटो : अमर उजाला
अपने खास अंदाज में महिलाओं के मुद्दे अफसरों की ड्योढ़ी तक पहुंचाकर सुर्खियां बटोरने वाली गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल अब सिनेमा के पर्दे पर भी कुछ बदले रूप में नजर आएंगी। रीयल लाइफ में जहां वह अधिकारियों और कर्मचारियों की खबर लेकर उन्हें टेंशन देती हैं वहीं रील लाइफ में वह लोगों को हंसाएंगी। उनकी प्रस्तावित फिल्म का नाम ‘ब्लैक कामेडी’ है। अगले माह नौ जून को लखनऊ में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में शूटिंग की शुरूआत होगी।
महिलाओं की समस्याओं का निपटारा अपने निराले ढंग से करने के लिए मशहूर महिला संगठन गुलाबी गैंग की मुखिया संपत पाल देश और विदेश की मीडिया में पहले ही काफी शोहरत पा चुकी हैं। छोटे पर्दे पर उन्हें बिग बास के सीजन-6 में दर्शकों ने पांच हफ्ते तक देखा। गुलाबी गैंग को रीयल से रील में लाने के लिए फिल्म निर्माता इरशाद खां ने संपत पाल से सहमति ले ली है। फिल्म में संपत पाल ‘गुलाबी अम्मा’ के रूप में अभिनय करेंगी।
हास्य अभिनेता का किरदार मुंबई के मशहूर हास्य कलाकार राजपाल यादव (मुंबई) और सीआईडी सीरियल के कलाकार आदित्य श्रीवास्तव निभाएंगे। महिला हिंसा के प्रति जागरूकता और शिक्षा तथा महिला अधिकारों पर यह फिल्म आधारित है। बुंदेलखंडी भाषा में बनाई जा रही इस फिल्म में गीत, नृत्य इत्यादि भी होंगे।
गुलाबी गैंग पर फिल्म बना रहे इरशाद खां मूल रूप से बांदा जनपद के बदौसा गांव के रहने वाले हैं। वह पिछले करीब 20 वर्षों मुंबई में रहकर फिल्मी जगत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व वह ‘ब्लैक स्टोन’ नाम की फिल्म बना चुके हैं। अब उन्हें संपत पाल की फिल्म ‘ब्लैक कामेडी’ की सफलता की पूरी उम्मीद है। शूटिंग संपत पाल के कार्य क्षेत्र खासकर बदौसा, कालिंजर, चित्रकूट और मानिकपुर आदि में होगी। फिल्म दो घंटा 30 मिनट की होगी। शूटिंग दो माह में पूरी कर ली जाएगी। इसकी कहानी सौमित्र सेन ने लिखी है।