बांदा। ग्राम पंचायत भवन निर्माण में घटिया कार्य और भवन का उपयोग खुद करने के आरोपों की जांच के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश कुमार पांडेय ने बिसंडा ब्लॉक के बीरीबिरहंड गांव के ग्राम सचिव और पूर्व प्रशासक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया कि ग्राम प्रधान सरोज कुमार यादव ने शिकायत की कि गांव का एक व्यक्ति अपने प्रयोग के लिए पंचायत भवन अपने घर के बगल में बनवा रहा है। वहां साजिशन दान पत्र भी लिख दिया गया है।
वह पंचायत भवन को अपने कब्जे में करना चाहता है। जहां निर्माण हो रहा है वहां निर्माण नहीं हो सकता। ग्राम प्रधान ने दूसरे स्थान पर भवन निर्माण का सुझाव दिया है। नोटिस में कहा गया है कि अपर जिला पंचायत राज अधिकारी की जांच में ग्रामीण मुलायम सिंह यादव द्वारा दान में दी गई जमीन में सचिव भवन बनवा रहे हैं।
इसके अलावा भवन के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी पत्रावली एमबी आदि भी नहीं उपलब्ध कराई गई है। कहा कि एक माह पूर्व निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नहीं रोका गया। सचिव प्रमोद कुमार और तत्कालीन प्रशासक से स्पष्टीकरण तत्काल भेजने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई और रिकवरी की जाएगी।