बांदा। चिल्ला रोड स्थित 33 केवी सब स्टेशन में मंगलवार को ट्रांसफार्मर और पैनल बदलने का कार्य हुआ। सुबह 9 बजते ही आधे शहर समेत कई गांवों की बिजली गुल हो गई।
शहर के इंदिरा नगर, शुकुल कुआं, कालूकुआं, जरैली कोठी, शंभूनगर, केवटरा, संकट मोचन, बिजली खेड़ा, जवाहर नगर, हरदौली घाट और पपरेंदा, पलरा समेत कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही।
बिजली न रहने से कई विभागों में कंप्यूटर ठप हो गए। एक्सईएन समरनाथ सिंह ने बताया कि पांच एमवीए के स्थान पर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। अब इसके इंस्टालेशन का काम चल रहा है।
अवर अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि मरम्मत का कार्य मौदहा से आए ठेकेदारों द्वारा किया गया। बुधवार को भी मरम्मत होने से आपूर्ति बाधित रहेगी। देर शाम को लगभग 6 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।