बांदा। सोमवती अमावस्या का व्रत रखने वाली नवविवाहिता का शव सोमवार शाम घर के कमरे में फंदे से लटका मिला घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन गांव के अंश दंगलहा पुरवा की है। मायका और ससुराल पक्ष आत्महत्या का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
गांव निवासी 22 वर्षीय अंजली गुप्ता ने सोमवार को सोमवती अमावस्या का व्रत रखा था। परिजन के अनुसार वह सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद पीपल के पेड़ की 108 परिक्रमा कर घर लौटी थी। पूजा के बाद प्रसाद लेने के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चली गई।
शाम को जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजन ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर पति अचिन गुप्ता ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। अंजली का शव कमरे में लगे पंखे से साड़ी के सहारे लटका था।
घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष और पुलिस को दी गई। मृतका के ससुर श्रीराम गुप्ता ने बताया कि दिनभर सब कुछ सामान्य था और किसी प्रकार के विवाद या तनाव की जानकारी नहीं है। वहीं मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी से दिन में दो-तीन बार बातचीत होती थी लेकिन उसने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया। उन्होंने कहा कि अंजली ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।