बांदा। पति ने मोबाइल नहीं दिया तो नवविवाहिता ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को सुबह जब पति जब जागा तो शव फंदे पर लटका मिला।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बेलगांव के मजरा पल्हरी पुरवा निवासी गुंजन उर्फ राजकली (20) ने रविवार की रात किसी समय कमरे के अंदर बांस की बल्ली पर साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार को सुबह जब पति मनोज जागा तो गुंजन चारपाई में नहीं थी। दूसरे कमरे में झांककर देखा तो वह फंदे से लटक रही थी। पत्नी का शव देखकर उसने परिजनों को जानकारी दी।
गुंजन के चचिया ससुर पूर्व प्रधान मेवालाल ने बताया कि आठ फरवरी 2023 को शादी हुई थी। रविवार की रात गुंजन ने अपनी मां से फोन पर बातचीत की। पति-पत्नी ने संग में खाना खाया। उसने दोबारा मोबाइल मांगा तो पति ने देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर उसने फंदा लगा लिया। थानाध्यक्ष कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला है। पति द्वारा मोबाइल न देने पर नाराज होकर आत्मघाती कदम उठाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।