-बाढ़ और जलभराव के बीच ब्लॉक आवंटन की फाइल अटकी
- छह बीडीओ पर आठ ब्लॉकों का जिम्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। जिले में बाढ़ और जलभराव के कारण प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित है। शासन से स्थानांतरित होकर आए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमरेश कुमार चौहान को 10 दिन बाद भी कार्यभार नहीं मिला है।
आला अफसरों की गैरमौजूदगी के चलते ब्लॉक आवंटन की फाइल अटकी हुई है। जिले में कुल आठ विकास खंड हैं, जिनमें से छह पर बीडीओ तैनात हैं। एक ब्लॉक की जिम्मेदारी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी के पास है। वहीं, आठवें ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार इन्हीं छह बीडीओ में से एक के पास है। इस कारण एक बीडीओ दो ब्लॉकों का काम देख रहा है, जिससे कामकाज का दबाव बढ़ गया है।
शासन ने बीते माह फर्रुखाबाद से अमरेश कुमार चौहान का स्थानांतरण बांदा किया था। जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पत्रावली भेजी गई है और जल्द कार्यभार दिला दिया जाएगा। बाढ़ के बीच राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारियों की मौजूदगी अहम है। ग्रामीणों ने नवागत बीडीओ को तत्काल ब्लॉक आवंटित करने की मांग की है।