बांदा। किशोर उम्र पुत्री से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंग युवकों ने घर में घुसकर मां और भाई को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों का आरोप है कि हमलावर एक आरोपी जबरन शादी का दबाव बना रहा था। पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों समेत 6 लोगों के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की है। घायल महिला ने बताया कि शनिवार की रात आरोपी युवक और उसके परिजनों ने घर में घुसकर उसे और उसके युवा पुत्र को डंडों से पीटकर जख्मी कर दिया। बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री 11वीं में पढ़ती है। स्कूल आते-जाते समय युवक उससे छेड़छाड़ करता था।
कई दिनों से शादी के लिए दबाव बना रहा था। जान से मारने की धमकी देता था। उलाहना देने पर हमला कर दिया। कोतवाली नगर इंसपेक्टर जयश्याम शुक्ला ने बताया कि घायलों का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया है।
महिला की तहरीर पर जरैली कोठी निवासी वसीम, शाहिद व दीनदयाल समेत 6 लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो व एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंसपेक्टर का कहना है कि महिलाओं के बीच हुए विवाद को तूल दिया जा रहा है।
एक अन्य घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव निवासी वसीम (40) पुत्र कल्लू खां और उसकी पत्नी शबीना (32) को उसके छोटे भाई ने डंडों से पीटकर घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वसीम ने बताया कि बकरियां घर में घुस जाने को लेकर मारपीट की। आरोप लगाया कि हमलावर भाई ने उसके तमंचा अड़ा दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।