बांदा/मटौंध। खेत से लौट रहे बटाईदार अनुसूचित जाति के वृद्ध किसान को पड़ोसी युवक ने डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के पुत्र का कहना है कि खेत से टमाटर तोडने का आरोप लगाकर हत्यारोपी अभद्रता कर रहा था। विरोध करने पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी और उसके भाई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। लेकिन फिलहाल पुष्टि नहीं की है।
घटना मटौंध थाना क्षेत्र के मरौली गांव में शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे की है। खेतिहर किसान अंगद वर्मा (65) बटाई के खेत में पानी लगाकर घर लौट रहा था। बालू खदान के रास्ते में धर्मकांटा के पास पड़ोसी युवक से कुछ बातचीत हुई और फिर युवक ने उस पर ताबड़तोड़ डंडों से वार कर दिया। खून से लथपथ अंगद वहीं गिर पड़ा और दम तोड़ दिया। आरोपी भाग निकला।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के पुत्र दिनेश वर्मा ने बताया कि आरोपी खेत से टमाटर आदि सब्जी तोडने का आरोप लगाकर पिता से अभद्रता कर रहा था। विरोध करने पर रास्ते में हमला कर हत्या कर दी। यह भी बताया कि पिछले वर्ष भी आरोपी और उसके भाई ने खेत में चोरी से सब्जी तोडने का आरोप लगाकर मारपीट की थी।
थाना इंसपेक्टर अरविंद सिंह गौर ने बताया कि मृतक के पुत्र महेश वर्मा की तहरीर पर गांव के ही धीरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू और उसके भाई महेंद्र सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उधर, ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी को पुलिस ने उसके घर से ही दबोच लिया है। लेकिन पुष्टि नहीं की।
Neighbor put farmer to death- फोटो : BANDA