खत्री पहाड़। गिरवां स्थित खत्री पहाड़ के खेल मैदान में बुधवार को देहात प्रीमियर लीग प्रतियोगिता में नटराज स्पोर्टिंग क्लब नौहाई तथा अंकल द्वितीय अतर्रा के बीच मैच खेला गया। बेहतरीन बल्लेबाजी की वजह से नौहाई की टीम ने अतर्रा को 45 रन से हरा दिया।
प्रतियोगिता में नौहाई टीम के कप्तान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 15 ओवर के मैच में 108 रन बनाए। जवाब में अतर्रा की टीम के खिलाड़ियों की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दो ओवर में ही चार विकेट गिर गए। संघर्ष करते हुए अतर्रा के खिलाड़ियों ने 63 रन बनाए और सभी पैवेलियन लौट गए।
नौहाई की टीम ने 45 रनों से जीत हासिल की। मुख्यअतिथि पिथौरागढ़ के पूर्व प्रधान मुन्ना कुशवाहा तथा संरक्षक मंडल के सदस्य मनीष शुक्ला, अध्यक्ष चंदन शुक्ला, सफीक खान आदि ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कमेंटरी आलोक शुक्ला, आकाश गोस्वामी और शैलेंद्र पांडेय ने की। जबकि स्कोरर निखिल, प्रशांत गोस्वामी व हर्ष गोस्वामी रहे। (संवाद)