Narayana worship on Devothani Ekadashi
- फोटो : BANDA
बांदा/बबेरू। देवोत्थानी एकादशी का पर्व शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह पूर्वक मनाया गया। महिलाओं ने शाम को घर-आंगन व मंदिरों में दिए जलाए। भगवान नारायण की विधिवत पूजा कर मौसमी फल गन्ना, चने का साग, बेर, ज्वार का भुट्टा, सिंघाड़ा आदि का भोग लगाया।
बुधवार को देवोत्थानी एकादशी की पूजन सामग्री की जगह-जगह दुकानें सज गईं। महिलाओं ने घर के आंगन में ऐपन व मंडप बनाकर मौसमी फलों का भोग लगाया। रात में कीर्तन-भजन गाए।
पंडितों के अनुसार नई फसल के साग-सब्जी-फल आदि अर्पण करने से नारायण की कृपा किसानों पर बनी रहती है। बबेरू में मढ़ी दाई व अद्भुत शिव मंदिर में शाम को दीपक जले और भगवान विष्णु का पूजन अर्चन किया गया। नरैनी, तिंदवारी, अतर्रा में भी घर और मंदिरों में देवोत्थान एकादशी मनाई गई।