पैलानी। खप्टिहाकलां में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और उनसे उठ रही सड़ांध से परेशानी का मामला सुर्खियां बना तो प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम पैलानी शशिभूषण मिश्र ने खंड विकास अधिकारी तिंदवारी और हल्का लेखपाल धर्मवीर यादव को नोटिस थमाया। नायब तहसीलदार पैलानी डा. मोहम्मद मुस्तकीम ने गांव पहुंचकर निरीक्षण किया तो उन्हें जगह-जगह कचरे के ढेर मिले। नायब ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को दी है।
बीडीओ तिंदवारी रामखेलावन ने बताया कि इंटर कॉलेज के बगल और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के इर्द-गिर्द गंदगी है। उसे साफ कराया जा रहा है। कस्बे के राधा कृष्ण मंदिर, राम जानकी मंदिर शिवाला समेत कई स्थानों पर नालियां कीचड़ से भरी हैं। कस्बे के ग्रामीण सोहनलाल द्विवेदी, बृजनंदन गुप्ता, लंबरी तिवारी, दुर्गेश शिवहरे, अशोक द्विवेदी देवालय होने के बावजूद बेपरवाही का आलम है। श्रद्धालु कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
बृजनंदन गुप्ता ने बताया कि नाली मलबे से भरी होने के कारण गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। इससे आवागमन में परेशानी होती है। राधाकृष्ण मंदिर जाने वाले श्रद्धालु गंदगी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। बलदेव यादव का कहना है कि रामलीला मैदान गंदगी से पटा है। लोगों को मजबूरन कीचड़ भरे रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है।