बांदा। करीब 13 दिन पहले देहात कोतवाली क्षेत्र में मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मरने वाले के साथियों ने उसके गले में पहले गमछा कसा फिर सीने पर सिलौटी से वार कर उसकी हत्या कर दी। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि चारों आरोपी बैंक से कमीशन पर केसीसी दिलाने का काम करते थे। इसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी ने बताया कि कोतवाली देहात के जौरही में मनोज कुमार उर्फ बबली का शव बरामद हुआ था। घटना में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है । पूछताछ में आरोपियो ने बताया कि मनोज, आसेंद्र उर्फ पिन्टू, राज पटेल व रामेश्वर गर्ग एक साथ मिलकर केसीसी लोन दिलाने का काम करते थे। इसके बदले में लोगों से 25 फीसदी कमीशन लेते थे। प्राप्त कमीशन में आसेंद्र व राजपटेल ज्यादा हिस्सा अपने पास रखते थे । इसी बात को लेकर मनोज नाराज था और बराबर हिस्से की मांग करता था। इसको लेकर उनमें काफी विवाद हुआ । इस पर पिन्टू व राज पटेल ने मनोज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई । मनोज व रामेश्वर गर्ग काफी अच्छे मित्र थे इसलिए पिंटू व राज पटेल ने उसे ज्यादा कमीशन का लालच देकर अपनी योजना में शामिल कर लिया।
इसके बाद छह मार्च की रात्रि मनोज को समझौते के बहाने बुलाया गया और फिर रामेश्वर,पिन्टू व राज पटेल, वीरेंद्र ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव को बोलेरो के माध्यम से जौरही के पास जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गमछा, सिलौटी व बोलेरो भी बरामद की है। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम भी दिया है। एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।