बांदा। तेरहवीं संस्कार से लौट रहे बाइक सवार को सामने से आए डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के डीएम कॉलोनी निवासी अभिषेक प्रजापति ने बताया कि उनका भाई हेमंत प्रजापति (38) अपनी रिश्तेदारी में बसहरी गांव में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने रविवार को गए थे।
वहां से लौटते समय रात करीब साढ़े आठ बजे मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ चौकी के पास स्थित पेट्रोल पंप रोड पर केन नदी की ओर से आए डीसीएम ने उसे सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मुंह में चोट आने और जबड़ा टूट से जाने से वह गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। कार चलवाकर अपना भरण पोषण करते थे। घर में पत्नी गीता हैं। वह निसंतान थे। मटौंध थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है। वह हेलमेट नहीं पहने थे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।