बांदा। निमंत्रण में जा रहे बाइक सवार को वाहन ने टक्कर मार दी। परिजन व पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव पचनेही निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि उसका चचेरा भाई शिवचरन (40) रविवार की देर शाम निमंत्रण में अपने रिश्तेदारी में बांदा जाने के लिए निकला था। वह अपनी बैटरी बाइक से बांदा जा रहा था। पचनेही गांव के पेट्रोल पंप के पास वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर घायल हो गया। हेलमेट नहीं लगाए हाेने से उसके सिर में चोट आई थीं।
परिजन व पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह ईंट-भट्ठा में मजदूरी करता था, जून माह में अपने गांव आया था। घर में पत्नी कलमतिया व पांच पुत्रियां हैं। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।