बेटे के साथ बाइक पर आ रही मां की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। बेटा सहित तीन अन्य घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य हादसों में लोडर की टक्कर से हैंडपंप में सब्जियां धो रहीं दो युवतियां घायल हो गईं।
दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन और दुधमुंही बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। मरका थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव का अर्जुन शुक्रवार को अदालत की पेशी में बाइक से बांदा आ रहा था। साथ में मां रमपतिया (50) और इसी परिवार के कालीचरण (60) व सोनू (18) भी बाइक पर सवार थे।
मुरवल गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। चारों बाइक सवार घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां रमपतिया की मौत हो गई। अतर्रा क्षेत्र के बघेलाबारी गांव निवासी रानी बिटिया होली पर अपने मायके गुमाई आई थी। शुक्रवार को उसका भाई पप्पू यादव (18) पुत्र राजाराम बाइक पर उसे छोड़ने ससुराल जा रहा था।
गांधी चौक चौराहे पर कर्वी की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। पप्पू, उसकी बहन रानी और उसकी दुधमुंही बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। दुकानदारों व पुलिस की मदद से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
उधर, चिल्ला कस्बे में शुक्रवार को दोपहर ललिता (19) पुत्री रामबाबू निषाद और चंपा (18) पुत्री वंशीलाल घर के नजदीक लगे हैंडपंप में सब्जियां धुल रही थीं। तभी वहां से गुजर रहे लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हैंडपंप भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीएचसी से दोनों को नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया।
बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक मरका थाने के पन्नाह गांव निवासी अभिलाषा (10) पुत्री कल्लू व राहुल (6) पुत्र देवीचरन व उसकी छोटी बहन संध्या (3) को खाना लेकर खेत जाते समय मरका की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया।