बांदा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अब अपनी बेटियों की शादी का सपना साकार करना बेहद आसान होने जा रहा है। शादी-विवाह के आयोजनों के दौरान महंगे मैरिज लॉन और गेस्ट हाउस की बुकिंग में होने वाली भारी-भरकम खर्च और दिक्कतों से जल्द ही ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
पंचायती राज विभाग ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक आधुनिक उत्सव भवन (कम्युनिटी हॉल) के निर्माण का खाका तैयार किया है। विभाग की ओर से इसका विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जिले में करीब 14.10 करोड़ रुपये की लागत से इन आलीशान और सर्वसुविधायुक्त भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसकी बुकिंग के लिए मामूली रकम देनी होगी। हालांकि अभी यह तय नहीं है।
वर्जन
प्रस्ताव पूरी तरह तैयार कर शासन को प्रेषित किया जा चुका है। बजट आवंटित होते ही जमीन का चिह्नीकरण कर निर्माण एजेंसी तय कर दी जाएगी, ताकि ग्रामीण जनता को जल्द से जल्द इस योजना का लाभ मिल सके।