बांदा। सुपारी खाकर थूकने पर किशोर को दुकानदार ने थप्पड़ जड़ दिए। इससे गुस्साए किशोर के परिजनों ने दुकानदार और उसके परिवार को बेल्टों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। दुकानदार की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बन्यौटा मोहल्ला निवासी अंकित गुप्ता की महेश्वरी देवी मंदिर रोड पर मोबाइल की दुकान है। शनिवार की रात करीब नौ बजे पड़ोसी दुकानदार के यहां बैठने वाले 14 वर्षीय किशोर ने सुपारी खाकर थूक दिया। छींटे अंकित गुप्ता पड़ गए। इस पर उसने किशोर को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिए। इस पर किशोर के परिजन आ गए और उन्होंने दुकानदार अंकित गुप्ता, भाई अंकुश गुप्ता, मां गीता और अंकित की पत्नी को बेल्ट से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
मारपीट की इस घटना का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। मौके पर शहर कोतवाल बलराम सिंह फाेर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल अंकित की तहरीर पर हमलावर 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच मामूली बात पर विवाद हुआ है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।