मोदी कुआं में पूजापाठ के साथ जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराते डीएम हीरा लाल।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के कुएं और तालाबों की कायापलट के अभियान की श्रृंखला में बुधवार को डीएम हीरालाल ने खिन्नीनाका के पास मोदी कुआं के जीर्णोद्धार की शुरुआत मंत्रोच्चारण और पूजन के साथ कराई। उन्होंने कहा कि पूर्वज कुओं की पूजा करते रहे हैं। इसे गंदा करने से बचते थे। आज कुओं की उपेक्षा ने ही पानी की त्रासदी के हालात पैदा कर दिए हैं। अभी भी समय है कि हम चेत जाएं और तालाब-कुओं को बचाकर पुराने वैभव में लाएं।
उन्होंने कहा कि सभी कुओं और तालाबों की सफाई और खुदाई का अभियान चलेगा। इसमें सभी का सहयोग लिया जाएगा। डीएम ने पानी की फिजूलखर्ची या बर्बादी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निर्देश जल संस्थान को दिए हैं। इस अवसर पर नगर पालिका ईओ संतोष मिश्रा व एई श्रीश सिंह, जल निगम अधिशासी अभियंता वीरेंद्र श्रीवास्तव, व्यापारी नेता मनोज जैन, अमित सेठ भोलू, सूचना विभाग के अंगद प्रसाद शर्मा भी मौजूद रहे।