बांदा। तड़के मंदिर पूजा के लिए गई 11 वर्षीय बालिका संदिग्ध हालात में लापता हो गई। पिता ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर अपहरण की आशंका जताई, लेकिन बालिका के फोन से सुराग मिलने पर शाम को उसे कानपुर के कल्यानपुर थाना पुलिस ने खोज लिया। वह टेंपो से कहीं जा रही थी। देर शाम परिजन भी पहुंच गए। थाने में मौजूद पिता ने बताया कि कोई अज्ञात युवक उसे ले आया था।
शहर के अलीगंज इलाके की किशोरी 7वीं कक्षा में पढ़ती है। पिता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि सुबह 5.30 बजे वह काली देवी मंदिर पूजा को गई थी। फिर वापस नहीं लौटी। पिता ने तहरीर में एक फोन नंबर का हवाला देते हुए कहा कि इस नंबर से कई दिनों से घर के फोन पर मैसेज आ रहे थे। आशंका जताई कि उसकी पुत्री का अपहरण हुआ है।
उधर, क्षेत्राधिकारी नगर आलोक मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही बालिका से फोन पर संपर्क हो जाने पर उसकी लोकेशन कल्यानपुर (कानपुर) थाना क्षेत्र में मिली। इस पर तत्काल कल्यानपुर पुलिस को सूचना दी गई। कल्यानपुर पुलिस ने टेंपो में कहीं जा रही बालिका को पकड़ लिया है। उसके साथ कोई अन्य नहीं था।
उधर, देर शाम फोन पर पिता ने बताया कि वह कल्यानपुर थाने में मौजूद है। बालिका सहमी है। कुछ ज्यादा बातचीत नहीं कर पा रही। फिलहाल इतना ही बताया है कि कोई अनजान युवक उसे बस में बैठाकर ले आया है। उधर, यह भी पता चला है कि बांदा पुलिस इस मामले में दो संदिग्ध युवकों को उठा लाई है और पूछताछ कर रही है।