नरैनी। आधी रात घर में घुसे बदमाशों ने देवर को बंधक बनाकर भाभी को तमंचे के बल पर जेवर लूट लिए। इस दौरान मारपीट भी की। युवती का दुपट्टा से गला घोंटने का भी प्रयास किया। युवती ने कोतवाली में तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है।
कोतवाली क्षेत्र के कबौली गांव निवासी शबाना खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की रात वह घर में बच्चों और देवर के साथ सो रही थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा गले से मंगलसूत्र तोड़ने पर उसकी नींद खुल गई। घबराकर उठी और देखा कि नकाबपोश बदमाश उसके पास खड़ा था। देवर भी जाग गया। बदमाश ने तमंचे के बल पर नाक की कील उतार ली और मारपीट की। दुपट्टे से गला घोंटने की कोशिश की। वह बेहोश हो गई। काफी देर बाद जब आंख खुली तो देवर नहीं था। करीब आधे घंटे बाद देवर याकूब घर लौटा। उसने बताया कि नकाबपोश बदमाश उसे जबरन कब्रिस्तान ले गए थे। बाद में उसे छोड़ दिया। महिला ने बताया कि वह घर में अकेली रहती है। पति महाराष्ट्र में मजदूरी करता है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)