अतर्रा। तहसील अंतर्गत ग्राम थनैल स्थित सिद्धपीठ की दीवार अराजकतत्वों द्वारा गिराए जाने से गांव में तनाव है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पूर्व भी इसके प्रयास किए गए थे, जिसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
गांव के निवासी व अधिवक्ता अवनीश तिवारी ने बताया कि धार्मिक स्थल खेरापति की दीवार की ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग से बनाई गई थी। कुछ समय से अराजक तत्व इस स्थल पर नजर रखे हुए थे। इसकी शिकायत एसडीएम व प्रशासन अधिकारियों से समाधान दिवस में की गई थी। प्रशासन की निष्क्रियता के चलते अराजक तत्वों ने मंदिर की दीवार को गिरा दिया। ग्राम प्रधान श्रीपाल, अवनीश तिवारी, नरेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने थाना बिसंडा पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। (संवाद)
-