जागरुकता रैली में शामिल विभिन्न स्कूल-कालेजों की छात्राएं।
- फोटो : BANDA
बांदा। शुक्रवार को सुबह छाए बादलों के बीच सड़कों पर साइकिल सवार छात्राओं का हुजूम उमड़ पड़ा। ये सब पोषण और स्वच्छता की अलख जगाने के लिए निकली थीं। डीएम हीरालाल भी खुद साइकिल पर सवार हुए और रैली का नेतृत्व किया।
पोषण माह के तहत किशोरी साइकिल रैली आयोजित की गई थी। मुख्यालय स्थित जीजीआईसी, आर्य कन्या इंटर कालेज, ओमर वैश्य इंटर कालेज आदि की कई सौ छात्राएं इसमें शामिल हुईं। ये अपनी साइकिल पर कुपोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने वाले नारे लिखीं तख्तियां लगाए थीं। जीजीआईसी परिसर में डीएम हीरा लाल ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। खुद भी साइकिल पर सवार होकर आगे चले।
शहर की कई प्रमुख सड़कों से गुजर कर वापस रैली जीआईसी में खत्म हुई। छात्राओं को स्वल्पाहार दिया गया। इस अवसर पर डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि बांदा में कुपोषण बड़ी समस्या के साथ चुनौती भी है। इसीलिए यहां सुपोषण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
सितंबर को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने खानपान और सफाई पर जोर दिया। सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके बघेल, बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, पोषण अभियान के मंडलीय समन्वयक डा.याकूब मुजफ्फर, पीपीएनयू (दिल्ली) के सलाहकार लेखचंद्र त्रिपाठी, महिला विभाग के राजीव सहित आईसीडीएस, आंगनबाड़ी, सुपरवाइजर और कन्या कालेजों की शिक्षिकाएं तथा बलखंडी नाका चौकी प्रभारी एके सिंह आदि शामिल रहे।