बांदा। पीडब्ल्यूडी में भ्रष्टाचार और खंडीय लेखाधिकारी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) भी सड़क पर उतर आया है।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। उधर, बुंदेलखंड इंसाफ सेना का सातवें दिन भी अनशन जारी रहा।
बुंदेलखंड अध्यक्ष प्रमोद आजाद के नेतृत्व में यूनियन नेताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
इसमें आरोप लगाया है कि खंडीय लेखाधिकारी द्वारा किए गए भ्रष्टाचार से करोड़ों रुपये राजस्व का नुकसान हुआ। ठेकेदारों से अवैध वसूली की जाती है।
उनका शोषण किया जा रहा है। कार्यालय आने वालों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। अवैध रूप से आय अर्जित कर संपत्ति बनाई गई है।
नेताओं ने तीन दिन में जांच कर कार्रवाई करने और स्थानांतरण की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मंडल अध्यक्ष बलराम तिवारी, नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
उधर, इन्हीं मुद्दों को लेकर अशोक लाट में बुंदेलखंड इंसाफ सेना का भी अनशन चल रहा है। शनिवार को सातवां दिन था।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एएस नोमानी व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल वर्मा ने चेतावनी दी कि आंदोलन को एक सप्ताह बीत गए और अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लखनऊ में अनशन करने के लिए मजबूर होंगे। आरके सोनी, लल्लू विश्वकर्मा, भोलेबाबा, शिवशंकर वर्मा, भरत प्रजापति, आलोक सिंह, रमेश कुमार आदि अनशन में शामिल रहे।
-------------
पंकज