पैलानी (बांदा)। व्यवसाय के लिए पैसा न देने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। महिला की तहरीर पर पति समेत चार लोगाें के खिलाफ रिपाेर्ट दर्ज की गई है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के छिरौंहुटा गांव निवासी विमला ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2021 को फतेहपुर के जाफराबाद निवासी संजीव कुमार के साथ हुई थी। दूसरी विदा में सास रमा, पति संजीव, ससुर बृजभूषण कुशवाहा, देवर अंकित ने टेंट का व्यवसाय बढ़ाने के लिए रुपये मांगे। इस पर विमला ने जमीन गिरवी रखकर शादी करने का हवाला दिया और पैसा देने में असमर्थता जताई। इस पर ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करने लगे।
रक्षाबंधन परभाई उसे लेने आया। इसके बाद चार-पांच महीने तक ससुराल से उसे कोई लेने नहीं पहुंचा। उसके बाद पति उसे ले गया। ससुराल में तलाक की बात कहकर मारपीट की। सारा सामान छीन लिया। वह तीन माह की गर्भवती भी है। एसपी के आदेश पर महिला थाने में आरोपी पति, सास-ससुर व देवर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।