अतर्रा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रियंका ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 को कस्बे के अत्री नगर निवासी विजय कुमार से हुई थी। ससुराल में पति विजय कुमार, ससुर सत्यनारायण, जेठ संजय, अजय, ननद संगीता, ननदोई शिवनंदन समेत अन्य ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह बार-बार 50 हजार रुपये और सोने की अंगूठी की मांग करते थे। जब मांग पूरी नहीं हुई तो पति विजय कुमार आए दिन मारपीट व अभद्रता करने लगा। जुलाई 2022 में कोतवाली अतर्रा में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। समझौते के बाद प्रियंका पति के साथ दिल्ली चली गई, इसी दौरान उसका बेटा भी हो गया। वर्ष 2023 के 20 जुलाई को दिल्ली में फिर से पति ने बुरी तरह मारपीट की, जिस पर दिल्ली पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया। वह अपने मायके में रहकर जीवन यापन कर रही है। कोतवाली पुलिस ने पति, ससुर समेत चार ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। (संवाद)