बांदा। गणतंत्र दिवस के बाद पुलिस लाइन में आयोजित परेड का मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा ने निरीक्षण कर मान प्रणाम ग्रहण किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. एसएस मीणा भी शामिल रहे। महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण भी किया।
मंगलवार सुबह से ही ग्राउंड पर कई वर्दियों में पुलिस की टुकड़ियां पंक्तिबद्ध हो गईं। आईजी ने इन टोलियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वर्दी का टर्न आउट और साजसज्जा देखी। क्षेत्राधिकारी सदर अजय भदौरिया ने महानिरीक्षक को मान प्रणाम ग्रहण कराया।
आईजी और पुलिस अधीक्षक ने टुकड़ियों की साजसज्जा और अनुशासन को सराहा। परेड ने बाद आईजी ने पुलिस लाइन का सालाना निरीक्षण किया। प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए कि आवासीय स्थलों को साफ-सुथरा रखें। डायल 112 और जिला कंट्रोल रूम में आईजी ने कर्मचारियों से उनसे कर्तव्य पूछे।
पुलिस लाइन की परिवहन शाखा देखी। निर्देश दिया कि रोजाना चलने वाले वाहनों को रूटीन चेकअप हो। वाहन में चलने वाले सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखे जाएं। शस्त्रागार के निरीक्षण में पुलिस कर्मियों से शस्त्रों के बारे में जानकारी ली। शस्त्रों की सफाई व मेंटीनेंस और कर्मचारियों को फायरिंग कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सदर सहित बबेरू, नरैनी के क्षेत्राधिकारी, पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।