निमंत्रण में शामिल होने के लिए निकले युवक का शव पुलिया के नीचे पड़ा मिला। जिस्म पर चोट के निशान थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दी। तीन घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो नाबालिग पुत्रों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के रामबक्श का पुरवा (नौहाई) गांव का देवराज (24) पुत्र कल्लू राजपूत मंगलवार को शाम मुरवां गांव में निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से निकला था। वह मुरवां नहीं पहुंचा। न ही वापस घर लौटा। बुधवार को सुबह उसका शव रिसौरा गांव के पास नहर किनारे पुलिया के नीचे पड़ा मिला।
सिर और हाथ में घाव से कपड़ों पर खून लगा था। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बांदा-नरैनी मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम धीरेंद्र कुमार और सीओ अरुण कुमार ने बमुश्किल समझा-बुझाकर तीन घंटे बाद जाम खत्म कराया।
देवराज के पिता ने गांव के आनंदी और उसके दो नाबालिग पुत्रों के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि नरैनी कोतवाली प्रभारी केएन सिंह का कहना है कि मामला आंधी, तूफान के दौरान हुई सड़क दुर्घटना का है।
चूंकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं इसलिए तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिख ली गई है। उधर, मृतक के पिता का कहना था कि पड़ोसी पुरवा की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शायद इसी के चलते उसकी हत्या की गई है।