बांदा। कालिंजर थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पहचान उजागर कर निजता का उल्लंघन कर आपराधिक कृत्य करने वाले आरोपी को कालिंजर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कालिंजर थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बालिका के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म किया था। आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार भी कर लिया था। घटना में कुछ व्यक्तियों ने सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान को उजागर किया था। इस संबंध में कालिंजर थाना पुलिस ने पहचान उजागर करने के आरोपी बदौसा थाना क्षेत्र के दुबरिया गांव निवासी राकेश वर्मा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी टीम में एसआई सतीश चंद्र गौतम, अवधेश यादव, यादवेंद्र आदि शामिल रहे।