प्रदेश सरकार की ‘लोहिया ग्रामीण बस सेवा’ जल्द ही
चित्रकूटधाम मंडल के और दर्जन भर रूटों पर शुरू होगी। राज्य सड़क परिवहन
निगम ने मंडल में आठ रूटों पर पिछले माह यह बस सेवा शुरू की थी। नए रूटों
पर बसें चलाने की तैयारी की जा रही है।
प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश
में लोहिया ग्रामीण बस सेवा चला रही है। इसमें यात्री को 25 फीसदी किराया
कम देना होता है। साथ ही बस अंदर यात्रियों के सामान रखने के लिए केबिन
बनाया गया है। अन्य सामान्य बसों में ये सुविधाएं नहीं हैं।
आरटीआई
एक्टिविस्ट संकटा प्रसाद त्रिपाठी द्वारा जन सूचना अधिकार अधिनियम में
मांगी गई सूचना में निगम के चित्रकूटधाम मंडल क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया
है कि बांदा में तीन लोहिया बसें चलाई जा रही हैं। ये बसें बांदा से
कालिंजर, बांदा से बबेरू और बांदा से करतल चलाई जा रही हैं। दो बसें महोबा
से मुस्करा और एक बस हमीरपुर से सरीला चलाई जा रही है।
क्षेत्रीय
प्रबंधक ने बताया कि इनके अलावा 11 लोहिया बसें और चलाया जाना प्रस्तावित
हैं। इनमें बांदा से अमलोर ( वाया रेहुटा, पैलानी, जसपुरा), बांदा से भरुआ
(वाया जसपुरा, पैलानी), बांदा से कालिंजर (मौकछ-नरैनी-बड़ोखर), महोबा से
अजनर (बेलाताल, कुलपहाड़, महोबा), महोबा से श्रीनगर (कबरई, मटौंध),
चित्रकूट से मानिकपुर (सरइयां, कर्वी, बदौसा, महुआ), चित्रकूट से मऊ
(रामनगर, रैपुरा, कर्वी, महुआ), हमीरपुर से सरीला (कालपी), हमीरपुर से
गोहांड (चंदौत, जलालपुर), हमीरपुर से सरीला (बिलगांव, बिंवार), हमीरपुर से
सिरौली (देव गांव, जलालपुर, टेढ़ा) शामिल हैं।