तेंदुए का अंतिम संस्कार करते वन विभाग के अधिकारी।
- फोटो : संवाद
करतल (बांदा)। शिकारियों ने तार का फंदा लगाकर तेंदुए को मार डाला। बांदा-अजयगढ़ मार्ग पर शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे मृत तेंदुया देख सूचना वन विभाग के अफसरों को दी। इस पर उत्तर वन मंडल डीएफओ, डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर मध्य प्रदेश वन विभाग पुलिस पूछताछ कर रही है।
सीमावर्ती पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल के धर्मपुर रेंज के अंतर्गत पिस्टा बीट में छह साल का नर तेंदुआ शुक्रवार की सुबह मृत मिला। उत्तर वन मंडल डीएफओ गर्वित गंगवार ने बताया कि जिस खेत किनारे तेंदुआ मृत मिला है, उस खेत के मालिक सहित पास स्थित झोपड़ी में रहने वाले संदिग्ध दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। सीसीएफ छतरपुर वन मंडल अधिकारी पन्ना की मौजूदगी में पन्ना टाइगर रिजर्व के वन प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टर ने बताया कि गले में फंदा कसने से तेंदुए की मौत हुई है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। जांच के लिए भोपाल लैब भेजा जाएगा। चिता बनाकर तेंदुए को जंगल में जला दिया गया।