नीलकंठ महोत्सव/कालिंजर मंडलीय सरस मेले में रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम रही। बाहरी जिलों के लोगों ने भी दुर्ग के नीलकंठेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद महोत्सव का लुत्फ लिया। इसके पूर्व रात में देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम चले।
रंग-बिरंगी रोशनियों से प्रकाशमान मंच में गायक मनोज गुप्ता के गीत से शुरुआत हुई। हंसाने वाले गीत भी गूंजे। पुअर थियेटर ग्रुप ने लाला हरदौल नाटक का मंचन किया। छोटेलाल ने आल्हा गाया। झांसी की रामाधीन आर्ट कंपनी ने बुंदेलखंड का प्रसिद्ध राई नृत्य पेश किया।
कार्यक्रमों की शुरूआत बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कोशिश है कि कालिंजर की पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व कालिंजर महोत्सव भाजपा सरकार में ही हुआ था। तब से उसके बाद नहीं हुआ, लेकिन अब यह सिलसिला जारी रहेगा। विधायक ने मेला परिषद में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और स्टाल देखे, खरीददारी भी की।
विधायक राजकरन कबीर सहित भाजपा नेता रामेंद्र शर्मा, दिलीप राजपूत, पुष्कर द्विवेदी, सीडीओ हीरालाल, एसडीएम अवधेश कुमार, एनआरएलएम उपायुक्त केपी पांडेय, तहसीलदार राजीव निगम सहित अतुल सुल्लेरे, डा. बुद्धिविकास द्विवेदी इत्यादि शामिल रहे।