बांदा। शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का लालच देकर करीब 24 लाख रुपए हड़प लेने और बाद में पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला मर्दननाका निवासी अफरान हक ने एसपी से गुहार लगाकर न्याय कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की शुरू की।
शहर के मर्दननाका मुहल्ला निवासी अफरान ने एसपी को बताया कि उसका दोस्त सीबू उर्फ आसिफ ने उसे शेयर मार्केट के माध्यम से अच्छा खासा मुनाफा कमाने की स्कीम बताकर आठ लाख 53 हजार रुपये बैंक खाते में लिया। इसके साथ ही उसके बहनोई मोहसिन निवासी खाईपार से भी छह लाख रुपये बैंक खाते में लिया। इसके बाद उसके पिता से दो लाख 80 हजार रुपये व अपने दोस्त रिजवान से सात लाख 26 हजार रुपये शेयर बाजार में लगाने के लिए थे। छह महीने बीतने के बाद जब तीनों ने अपना पैसा मांगा तो सीबू टालमटोल करने लगा। पैसे डूबता देख सभी पीड़ित 10 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके घर पहुंचे। तभी आरोप सीबू ने गंदी गालियां देते हुए कहा कि अगर दोबारा पैसा मांगने आए तो जान से मरवा दूंगा। जिसके बाद पीड़ितों ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।