कचहरी परिसर में मंगलवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला पानी की टंकी पर चढ़कर नीचे कूदने की धमकी देने लगी। उसका शोर सुनकर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई।
यूपी के बांदा जिले में कमासिन थाना क्षेत्र के बीरा गांव में पट्टे की जमीन में आवास की मांग और पड़ोसी पर धमकाने का आरोप लगा एक महिला मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला टंकी से कूदने की धमकी देने लगी तो लोग सहम गए।
विज्ञापन
मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे महिला कलेक्ट्रेट में डीएम से फरियाद करने आई थी। सुनवाई न होने पर वह 12 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गई। तकरीबन आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे उतारा। उसे महिला थाने ले गए।
एसडीएम सुधीर कुमार ने कहा कि महिला के आवास की व्यवस्था की जा रही है। शेष अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। महिला थाने में सीओ राकेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट केशव नाथ, इन्स्पेक्टर भास्कर मिश्र, महिला थाना एसओ अनुपमा आदि मौजूद रहीं।