बांदा। सूरत में कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर का शव कमरे के अंदर जमीन में पड़ा मिला। परिजन उसके शव को बांदा ले आए। यहां गिरवां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने किसी भी तरह की कोई आशंका नहीं जताई है।
गिरवां थाना क्षेत्र के दुबरी गांव निवासी लालबाबू (45) सूरत शहर के मोटा बोरसरा थाना क्षेत्र के तीन चौकड़ी इलाके में स्थित कपड़ा फैक्ट्री में बुनाई का काम करता था। उसके साथ रहने वाले चचेरे भाई राजाभइया ने बताया कि 20 दिसंबर की शाम सात बजे लालबाबू ड्यूटी करने गया था। वहां से वह दो घंटे बाद कमरे में आया और खाना बनाया। दोनों ने साथ में खाना खाया।
इसके बाद राजाभइया अपनी ड्यूटी करने चला गया, लेकिन लालबाबू फैक्टरी नहीं पहुंचा। तब उसने ड्यूटी के बीच जाकर कमरे में देखा तो लालबाबू का शव कमरे में पड़ा था। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर परिजनों को शव साैंप दिया। परिजन उसका शव लेकर बांदा आ गए। यहां गिरवां पुलिस को जानकारी दी। जिस पर गिरवां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घर में पत्नी शकुंतला और तीन पुत्रियां हैं।
गिरवां थानाध्यक्ष राधाकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि स्वाभाविक मृत्यु की संभावना है। परिजनों के कहने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।