नरैनी। मुकदमे की तारीख निपटाने और सरकारी दुकान से राशन घर में रखने के बाद 45 वर्षीय मजदूर फंदे पर झूल गया। उसका शव महुआ के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके।
कोतवाली क्षेत्र के मोतियारी गांव में दयाराम का बुधवार को सुबह घर से कुछ दूर महुआ के पेड़ पर साफी के फंदे में शव लटका मिला। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी घरवालों को दी। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल के आसपास निरीक्षण किया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता गोपाली ने बताया कि दयाराम एक पुराने मुकदमे के सिलसिले में तारीख पर बांदा गया था। वहां से आने के बाद कोटेदार के यहां गया और घर में राशन लाकर रख दिया। देर रात बिना बताए घर से निकल गया। सुबह पेड़ पर फंदे से शव लटकता मिला।
पत्नी चार पुत्रों के साथ सौता मकरी गांव स्थित मायके में थी। दयाराम मजदूरी करके परिवार का गुजर-बसर कर रहा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज शुक्ला ने बताया कि परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके।