बांदा/खप्टिहा कलां। पैलानी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जहां एक युवती की कुएं में गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं एक 14 वर्षीय किशोरी ने दोपहर के समय घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधनकलां गांव निवासी राजबहादुर की बेटी निकेता (19) बृहस्पतिवार की शाम चार बजे खेत गई थी। देर शाम तक घर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। परिजनों में खेत में स्थित कुएं में देखा तो निकेता का शव पानी में उतराता मिला। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। इस बाबत चचेरे भाई संजय ने बताया कि निकेता के पिता की 12 साल पहले मौत हो गई थी। सभी लोग चाचा के साथ रहते थे। मृतका चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की है।
बताया कि कुएं में पैर फिसलने से निकेता की गिरकर मौत हुई है। उधर, इसी थाना क्षेत्र के मरौली खुर्द गांव निवासी मोतीलाल की बेटी निशा (14) ने बृहस्पतिवार को दोपहर मकान में छप्पर से दुपट्टे से फंदा कसकर जान दे दी। शाम को आंधी और बारिश होने पर बड़ी बहन व मां ऊपर गए तो निशा को फांसी पर लटका देखा। शव को फंदे से नीचे उतारा। भाई बिंदा प्रसाद ने बताया कि घटना के समय पिता जसपुरा स्थित सिलाई की दुकान में थे। मां और वह घर पर नीचे थे। परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं। पैलानी थाना एसआई धीरेंद्र पांडे ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तालाब में जहर डालने से मछलियां मरीं
बांदा। शहर के छाबी तालाब में मछलियाें के मरने के बाद अब नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर स्थित तालाब में किसी ने पानी में जहर डाल दिया। इससे सैकड़ों क्विंटल मछलियां मर गईं। यहां के मोहम्मद वहाब सिद्दीकी ने नरैनी कोतवाली में शिकायतीपत्र देकर बताया कि विगत दिवस अराजकतत्वों ने तालाब में जहर डाल दिया था, इससे मछलियां मर गईं। उसने मरी मछलियों को निकालने और कार्रवाई की मांग की। (संवाद)