तिंदवारी। शौच को गई दो नाबालिग सगी बहनें लापता हो गईं। उनके पिता ने थाने में आधा दर्जन लोगों पर अपहरण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। घटना बुधवार की बताई जा रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को शाम करीब 7 बजे दो सगी बहनें शौच को गई थीं। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के आधा दर्जन लोगों ने उनका अपहरण कर लिया। पिता पिछले चार दिनों से उनकी तलाश में भटकता रहा।
उधर, लापता बहनों के भाई परदेस में कमाने गए थे। उन्हें सूचना मिली तो रविवार को वह गांव वापस आए। तभी पिता ने बेटों के साथ थाने जाकर तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि दोनों पुत्रियों का मुंह दबाकर आरोपी ले गए हैं। बताया कि दोनों बेटियों का कुछ सुराग नहीं लग रहा है। उधर, देर रात थाना इंसपेक्टर नीरज सिंह ने तहरीर मिलने की बात स्वीकारते हुए कहा कि रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।