बांदा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को तिंदवारी रोड स्थित सेंट मैरी स्कूल में पुलिस की पाठशाला आयोजित की गई। सीओ सदर एवं ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद और साइबर क्राइम एक्सपर्ट ललित नारायण मिश्रा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर क्राइम से बचाव के तरीके भी बताए।
अधिकारियों ने कहा कि यदि फेसबुक व इंस्टाग्राम चलाते हैं तो उसकी प्रोफाइल जरूर लॉक रखे, वर्ना कोई भी इनका दुरुपयोग आसानी से कर लेगा। विद्यार्थियों ने भी साइबर अपराध पर सवाल किए, जिनका अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासा शांत की।
सीओ ने कहा कि सोशल मीडिया के फायदे और नुकसान समझते हुए ही फेसबुक व इंस्टाग्राम का प्रयोग करना चाहिए। साइबर अपराधी बेहद शातिर हैं, वे कब आपके फोन से पूरी जानकारी निकाल लेंगे, पता ही नहीं चलता। इसके बाद अपराधी ब्लैक मेलिंग शुरू कर देते हैं। छात्र छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घर के बड़ों से कहें कि सड़क पर चलते हुए यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
साइबर एक्सपर्ट ललित ने बताया कि मोबाइल पर आने वाले इनाम और लॉटरी के संदेशों से भी सावधान रहें। बिना सोचे समझें किसी भी लिंक को न खोलें, फर्जी फोन कॉल्स से भी सावधान रहे, नहीं तो अपराधी बैंक बैलेंस साफ कर देंगे।
प्रिंसिपल फादर विनसेंट अलबर्ट ने भी बच्चों से साइबर अपराधों से सचेत रहने की अपील की। इस मौके पर प्रशांत कुमार राय, हिमांशू सर, संजय यादव, अदिति गुप्ता, डॉ नीलो रजवी, सरिता श्रीवास्तव, मंजुला अजय, वंदना चौधरी आदि रहे।