बांदा। विकास खंड कमासिन की ग्राम पंचायत परसौली में रविवार को पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता हुई। कपिल, संजय, उदय और राजकिशोर ने प्रतिद्वंद्वियों को धूल चटाकर विजेता का खिताब जीता। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रावेंद्र गर्ग ने फीता काटकर और बजरंगबली के ध्वज का पूजन कर दंगल का शुभारंभ किया।
दंगल में कई जनपदों से आए पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। बेहतरीन दांव पेंच और कुशल तकनीक से प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी दी। कपिल गोधनी ने शिवमंगल बड़ी बड़ोखर को हराया, जबकि सतना के संजय ने छोट्टन गोधनी को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। मऊ के उदय टिटिहरा ने गोलू बनारस को चारों खाने चित किया। बांदा के राजकिशोर ने सतना के केशव को पटखनी देकर जीत दर्ज की। बांदा के महेश और वाराणसी के छोटू के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। दिल्ली के दुर्गेश और कालिंजर के शत्रुघ्न के बीच भी रोमांचक कुश्ती हुई। विशिष्ट अतिथि पूर्व सीबीआई अधिकारी अनिल यादव ने कहा कि पारंपरिक कुश्ती भारतीय संस्कृति और ग्रामीण खेल परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। आत्माराम यादव सहित ग्राम पंचायत के सदस्यों और क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग किया।