बबेरू/अतर्रा। संपूर्ण समाधान दिवस में मंगलवार को बबेरू में डीएम आनंद कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आवेदन पत्रों की जांच दबाए रखने पर बबेरू के राजस्व निरीक्षक जगतपाल सिंह को जांच के बाद प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश एसडीएम को दिए हैं।
डीएम ने आदेश दिए कि नीचे से आई आख्या को अधिकारी सिर्फ अग्रसारित ही न करें, बल्कि मोबाइल नंबर पर पता करें कि आवेदक निस्तारण से संतुष्ट हैं या नहीं। डूडा अधिकारी ने डीएम को बताया था कि बबेरू नगर पंचायत क्षेत्र के 497 आवेदन पत्र लंबित पड़े हैं। समाधान दिवस में कुल 115 शिकायतें आईं। इनमें 10 का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एसपी डा. एसएस मीणा, सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, एसडीएम सौरभ शुक्ला, तहसीलदार विपिन कुमार, डीआईओएस विनोद सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश, राजीव प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, अतर्रा तहसील में एसडीएम जेपी यादव की अध्यक्षता में समाधान दिवस में 53 शिकायतें आईं। सात शिकायतों का निस्तारण किया गया। यहां सीओ सत्य प्रकाश शर्मा, तहसीलदार विजय प्रताप आदि मौजूद रहे। (संवाद)
--------------------