बांदा। नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतें 27 मई को अपनी पहली बैठक करेंगी। इसी के साथ उनका कार्यकाल शुरू हो जाएगा। इसके पूर्व 25 व 26 मई को ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। शनिवार को प्रदेश के पंचायती राज विभाग ने इसका शासनादेश जारी कर दिया।
चौथे और अंतिम चरण में 29 अप्रैल को बांदा में पंचायत चुनाव के लिए मतदान और दो मई का मतगणना हुई थी। जिले के नवनिर्वाचित 469 प्रधान और चुनाव जीते लगभग दो हजार सदस्य शपथ का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लगभग 25 फीसदी ग्राम पंचायत सदस्य के पद खाली हैं। यहां कोई प्रत्याशी न होने से चुनाव नहीं हुआ। शनिवार 22 मई को प्रदेश के पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने दो अलग-अलग शासनादेश जारी कर प्रधान व सदस्यों की शपथ ग्रहण व ग्राम पंचायत की पहली बैठक की तिथियां घोषित कर दीं।
कहा गया कि प्रधान व सदस्यों को 25 से 26 मई के बीच शपथ दिलाई जाए। दूसरे शासनादेश में नई गठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक 27 मई को करने के लिए कहा गया है। बैठक यथासंभव पंचायत भवन/सामुदायिक भवन में होगी। हरेक सदस्य को बैठक की सूचना लिखित तामील कराई जाएगी। साथ ही पंचायत भवन में चस्पा की जाएगी। बैठक में कोविड-19 गाइडलाइन का पालन और चर्चा होगी। साथ ही ग्राम पंचायत की छह समितियों के गठन का एजेंडा भी पेश होगा।
हिंदू स्वाभिमान दिवस के रूप में मनेगा जन्मदिन
बबेरू। सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन हिंदू स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यह निर्णय विश्व हिंदू महासंघ ने वर्चुअल बैठक में लिया। कहा कि 4 से 10 जून तक यह दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के मिले निर्देशों के क्रम में चित्रकूटधाम मंडल प्रभारी शिवविलास शर्मा ने बताया कि शनिवार को हुई संभाग स्तरीय झांसी, चित्रकूटधाम मंडल व प्रयागराज मंडल की बैठक क्षेत्रीय प्रभारी श्याम बिहारी अवस्थी की अध्यक्षता में हुई। बताया कि योगी का जन्मदिन 5 जून को है। उनका जन्मदिन हिंदू स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। बैठक में आनंद टंडन, चंद्र प्रकाश गुप्ता, पवन जैन, राम प्रसाद यादव, संदीप शर्मा, शिव कुमार मिश्रा, दीपक शुक्ला, अवधेश कृष्ण शास्त्री, अमन साहू, योगेंद्र सिंह, अजय द्विवेदी, श्रीराम यादव, सुमित सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)