सूने घर का ताला तोड़कर पांच लाख के जेवर चोरी
बांदा। शहर के पाश इलाके इंदिरा नगर में सूने मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ताला तोड़कर घर में घुसे और दो अलमारियों के लाकरों का ताला तोड़कर उसमें रखे पांच लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर लेकर भाग निकले। घर लौटने पर गृहस्वामी को जानकारी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी कमलेश कुमार जड़िया ने नगर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 22 से 31 मार्च तक वह अपने परिवार के साथ गुजरात में स्थित सोमनाथ मंदिर दर्शन करने के लिए गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। दो अलमारी के लाकरों का ताला तोड़कर पत्नी और बहू के सोने-चांदी के तकरीबन पांच लाख रुपये कीमत के जेवर लेकर भाग निकले। बताया कि 31 मार्च को जब वह वापस अपने घर पहुंचे तो ताले टूटे पड़े थे और जेवर गायब थे। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।