बांदा। रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को बांदा और चित्रकूट से राजधानी एक्सप्रेस बसों का तोहफा दिया गया है। रविवार को बांदा-बाराबंकी राजधानी एक्सप्रेस को प्रदेश के सिंचाई राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने होली पर परिवहन निगम को 115 बसों का तोहफा दिया है। इनमें 76 राजधानी एक्सप्रेस और 39 सामान्य बसे शामिल है। शासन से बांदा व चित्रकूट जनपद को दो बसे मिली है। इन्हें बांदा से बाराबंकी और चित्रकूट से लखनऊ चलाया जा रहा है। रविवार को फूल मालाओं से दुल्हन की तरह सजी बांदा-बाराबंकी राजधानी एक्सप्रेस बस को प्रदेश के सिंचाई राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने बस स्टैंड में नारियल तोड़कर हरी झंडी दिखाई। कहा कि मुख्यमंत्री ने होली में यात्रियों को बसों का तोहफा दिया है। जल्द रोडवेज से जर्जर बसों का हटाकर बेहतर स्तर की बसों को लगाया जाएगा। राजधानी एक्सप्रेस के चलने से लोगों को काफी सहूलियत होगी।
आरएम संदीप अग्रवाल ने बताया कि बांदा से राजधानी एक्सप्रेस बस सुबह 5:30 बजे चलेगी और 7:40 पर फतेहपुर, 10.50 बजे लखनऊ और 11 बजे बाराबंकी पहुंचेगी। बाराबंकी से दोपहर तीन बजे पुन: उन्हीं मार्गों से होते हुए 10:40 बजे बांदा आएगी। इसी प्रकार चित्रकूट से राजधानी एक्सप्रेस सुबह पांच बजे छूटेगी और बांदा होते हुए 12 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से 5:15 बजे चलेगी और आठ बजे फतेहपुर, 10:25 बांदा आएगी और यहां से रवाना होने के बाद 12:25 बजे चित्रकूट पहुंचेगी। इस मौके पर सहायक क्षेत्रीय प्रबधक लक्ष्मण सिंह, स्टेशन इंचार्ज प्यारेलाल, पांडेय आदि मौजूद रहे।