सिंचाई संघ के आह्वान पर नलकूप खंड शाखा कर्मचारियों ने सोमवार को प्रदर्शन के बाद धरना दिया। 20 सूत्रीय मांगे पूरी न होने पर रोष जताते हुए कहा कि कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर किया जा रहा है।
अध्यक्ष राजबहादुर की अध्यक्षता में नलकूप खंड परिसर में आयोजित धरने में नलकूप चालकों और सींच पर्यवेक्षकों ने भागीदारी की। खंडीय मंत्री रमेश पटेल ने 20 सूत्रीय मांग पत्र पढ़ा। शिवमंगल पटेल ने कहा कि यह मांगें काफी अरसे से लंबित हैं। आंदोलन बिना इनका निस्तारण नहीं होगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने इन मांगों को जायज बताया। अध्यक्षता कर रहे खंडीय अध्यक्ष ने कहा कि 8 अप्रैल को लखनऊ में इन्हीं मुद्दों पर प्रदर्शन और धरना होगा। बैठक के बाद कर्मचारी प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट आए और उप जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा।
इसके पूर्व अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। यह मुख्यमंत्री को संबोधित था। इस अवसर पर श्रीकांत द्विवेदी, कमलेश सिंह, राजेंद्र तिवारी, रामऔतार सिंह, संतोष श्रीवास्तव, मलखान सिंह, चंद्र भारती, राममिलन, रजबल सिंह, सुरेश सिंह आदि शामिल रहे।