बांदा। सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने रविवार को जिले की कई गोशालाओं का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत पल्हरी की अस्थायी गौशाला में निरीक्षण के समय कोई भी केयर टेकर न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां पशुओं की संख्या अधिक है। वहां ठंड से बचाव के लिए तिरपाल आदि लगाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कमजोर और अधिक आयु के पशुओं की स्थिति पर पशु चिकित्साधिकारी को इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में गोशालाओं में पशुओं के संरक्षण के लिए धनराशि की मांग नहीं की है। बीडीओ को निर्देश दिए कि समय से गोशालाओं में संरक्षित किए गए पशुओं के सापेक्ष मांग पत्र पशुपालन की वेबसाइट पर फीड कराया जाए। हार्ड कॉपी विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय से धनराशि प्राप्त कर गोशालाओं की व्यवस्था को ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराया जा सके। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।