बांदा। तिंदवारी ब्लाक के निरीक्षण में मंडलायुक्त ने एक साथ तीन कर्मियों के आकस्मिक अवकाश पर जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। ब्लाक कार्यालय व परिसर में गंदगी पर बीडीओ को फटकार लगाई। अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडलायुक्त अजय कुमार शुक्ला ने बुधवार को तिंदवारी ब्लाक कार्यालय के निरीक्षण में पाया कि ब्लाक में 12 कर्मचारी हैं। इनमें एडीओ (एजी) रामसजीवन वर्मा, सहायक लेखाकार प्रमोद कुमार त्रिवेदी, वरिष्ठ सहायक लिपिक गणेश प्रसाद तिवारी आकस्मिक अवकाश पर हैं। यह सरकारी कार्यों के प्रति उदासीनता का परिचायक है। बीडीओ ने उपस्थिति पंजिका को रोज नहीं देखा।
मंडलायुक्त ने कहा कि कार्यालय समय के 15 मिनट बाद अनिवार्य रूप से उपस्थिति रजिस्टर देखें। जो कर्मचारी अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित मिलें, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। परिसर में गंदगी पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि यहां प्रथम शनिवार को सुबह दो घंटे विशेष सफाई अभियान में श्रमदान नहीं किया गया। ब्लाक में 247 हैंडपंप रिबोर योग्य व 57 मामूली खराबी के मिले। क्षेत्र के 156 राजकीय नलूकपों में 14 यांत्रिक खराबी और 21 बिजली दोष के कारण ठप मिले। मंडलायुक्त ने कहा कि सचिवों से यह प्रमाण पत्र भी लें कि वे अपने क्षेत्र में निवास करते हैं। तैनाती स्थल में जहां भी प्रवास बनाएं, उनके मकान मालिक व पड़ोस के दो अन्य व्यक्तियों का मोबाइल नंबर भी रखें। स्वच्छ भारत मिशन की कार्ययोजना न बनाए जाने पर बीडीओ को फटकार लगाई। दोबारा अव्यवस्थाएं मिलने पर अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा।