बांदा। शहर में बजाज कंपनी के नाम पर लोकल एलईडी आपूर्ति मामले में डीएम के निर्देश एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यी कमेटी जांच कर रही है। एसडीएम ने ठेकेदार के कटरा स्थित कारखाने पर छापा मारकर कुछ एलईडी और दस्तावेज कब्जे में लिए हैं।
नगर पालिका परिषद बांदा सहित कुछ नगर पंचायतों को तथाकथित ठेकेदार अर्से से लोकल एलईडी की आपूर्ति कर बजाज कंपनी के दाम पर भुगतान कर लाखों का चूना लगा रहा था। बताते है कि बजाज कंपनी के शुल्क से अधिक का भी भुगतान लिया गया है। समाजसेवी रामजी गुप्ता की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम सदर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच के आदेश दिए थे।
एसडीएम ने ठेकेदार के कारखाने में छापा मारकर कुछ एलईडी, दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। उधर, एसडीएम ने नगर पालिका की बिजली से संबंधित पत्रावलियों को मंगा लिया है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी नीलम का कहना है कि टीम जांच कर रही है। एलईडी का रेट अधिक होने की शिकायत पर कंपनी से रेट मंगाए गए थे। जो आ गए हैं और सत्यापन के लिए बिजली विभाग को भेजा गया है। एलईडी लोकल थी या कंपनी की जांच के बाद ही सामने आएगा।