नरैनी में निरीक्षण करते नोडल अधिकारी मनीष चौहान। साथ में विधायक व डीएम।
- फोटो : BANDA
बांदा। तीन दिवसीय बंदी की समीक्षा और निगरानी के लिए प्रदेश सरकार से नामित नोडल अधिकारी/प्रदेश के खाद्य रसद आयुक्त मनीष सिंह चौहान ने कोविड-19 हॉस्पिटल/राजकीय मेडिकल कालेज की स्थिति सर्किट हाउस में बैठकर वीडियो कांफ्रेंसिंग से ही जानी। नोडल अधिकारी ने कुछ गांवों का निरीक्षण भी किया।
शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में नोडल अधिकारी ने मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी कर रहे डॉ. करन राजपूत से वीडियो कांफ्रेंसिंग से जानकारियां लीं। डॉ. राजपूत ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में 48 संक्रमित मरीज भर्ती हैं। सबका इलाज बेहतर हो रहा है। अधिकारियों के साथ बैठक में नोडल अधिकारी को खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय ने बताया कि बुंदेलखंड पैकेज से मंडी गोदामों का निर्माण हुआ है।
अनाज रखने के लिए इन्हें किराए पर लेने की कार्रवाई की जा रही है। नोडल अधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि रिक्त राशन की दुकानें महिला समूहों को दें। देवरार गांव में कोविड-19 हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से राशन वितरण संबंधी जानकारी ली। नरैनी में एफसीआई गोदाम का निरीक्षण किया। अनाज के बोरों की तौल कराई। नोडल अधिकारी के साथ डीएम अमित सिंह बंसल, एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव और संबंधित विभागों के अधिकारी रहे।
जनसंख्या स्थिरता पखवारा का उद्घाटन
नरैनी। नोडल अधिकारी मनीष सिंह चौहान और डीएम अमित सिंह बंसल ने शनिवार को सीएचसी टीकाकरण केंद्र पर जनसंख्या स्थिरता पखवारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया। महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण की जानकारी ली। ब्लाक परिसर में आदर्श महिला प्रेरणा संकुल संघ द्वारा की जा रही अरहर दाल की प्रोसेसिंग इकाई का निरीक्षण किया।
महिलाओं द्वारा की जा रही दाल की पैकिंग देखी। महिलाओं से बातचीत की। विपणन गोदाम में स्टॉक रजिस्टर देखा। इलेक्ट्रानिक तराजू की जांच कर अनाज की एक बोरी की तौल कराई। नोडल अधिकारी ने हनुमान चौराहा से रामलीला मैदान से अथाई रोड तक पैदल चलकर सफाई व्यवस्था देखी। भाजपा विधायक राजकरन कबीर, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव, ईओ अमर बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार अभिनव तिवारी आदि मौजूद रहे।