बांदा। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने बृहस्पतिवार को जिला पुरुष अस्पताल का निरीक्षण किया। दो चिकित्सक गैरहाजिर मिले। मौके पर मौजूद सीएमएस को दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने सबसे पहले ट्राॅमा सेंटर के ईएमओ डॉ. विनीत सचान से बात की। ट्राॅमा सेंटर में भर्ती मरीजों के पास जाकर उपचार और दवाएं मिलने के बारे में पूछा। फिर अस्पताल के महिला पर्चा काउंटर पर पहुंचे। एक ही काउंटर खुले होने पर कहा कि दो काउंटर खोलकर पर्चा बनवाए जाएं। इसके बाद ओपीडी गए और वहां मरीजों से बात की। मरीजों ने बताया कि एक घंटे से लाइन में खड़े हैं, अभी नंबर नहीं आया।
इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने ओपीडी में बैठे बाल्य रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके गुप्ता और डॉ. सोहेल अरशद से कहा कि मरीजों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े, उनका जल्द उपचार किया जाए। निरीक्षण के दौरान डॉ. अशोक और डॉ. अंकित गैरहाजिर मिले। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर की। सीएमएस डॉॅ. एसडी त्रिपाठी को दोनों चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएमएस डॉ. एसडी त्रिपाठी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल के निरीक्षण के दौरान डॉ. अंकित और डॉ. अशोक गैरहाजिर मिले हैं। उनके आने पर कार्रवाई होगी। जितने दिन डॉक्टर गैरहाजिर रहेंगे, वेतन काटा जाएगा।